बलिया पत्रिका / नगरा :- भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के 21 वें स्थापना दिवस पर बुधवार को संगठन के तहसील इकाई रसड़ा द्वारा जनता ग्राम विकास संस्थान परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर संगठन के जनपदीय महामंत्री दिग्विजय सिंह एवं तहसील अध्यक्ष संतोष द्विवेदी के नेतृत्व में आंवला, आम आदि का पौधारोपण किया गया। इस मौके पर संगठन के संस्थापक डॉ भगवान प्रसाद उपाध्याय के 65 वें जन्मदिवस पर दीर्घायु एवं स्वस्थ होने की कामना की गई। पौधारोपण के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन निरंतर बिगड़ रहा है जिसको संतुलित करने के लिए वृक्ष लगाना सर्वोत्तम कार्य है। जीवन के लिए हरियाली जरूरी है तो पेड़ पौधा लगाना भी जरूरी है।तहसील अध्यक्ष संतोष द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण विकास की दौड़ में प्रदूषित होता जा रहा है जिसका संतुलन जरूरी है। हरियाली जीवन का आधार है। संगठन स्थापना दिवस को हरियाली के रूप में मना रहा है। इस अवसर पर पत्रकार रमेशचंद गोड़, समाजसेवी उमेशचंद कुशवाहा, डॉ शाशिप्रकाश कुशवाहा, शैलेन्द्र कुमार सिंह, अवनीश सिंह, रामेश्वर प्रजापति आदि लोग उपस्थित रहे।
आशुतोष पाण्डेय की रिपोर्ट
